हरियाणा में दुष्यंत – चंद्रशेखर के काफिले पर हमला, गाड़ी में तोड़फोड़

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और सांसद चंद्रशेखर के काफिले पर हमला हुआ है। हमले की यह घटना जींद जिले के उचाना कलां हलके में हुई है। इस हलके से दुष्यंत चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद दुष्यंत चौटाला के समर्थन में रोड शो करने आए थे। सोमवार देर शाम को जब इन दोनों युवा नेताओं का काफिला उचाना कलां हलके में चुनाव प्रचार कर रहा था, इसी दौरान किसी ने पत्थर फेंक दिया और इसमें चंद्रशेखर की गाड़ी का शीशा टूट गया।

बताना होगा कि विधानसभा चुनाव के लिए जेजेपी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन किया है। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें हैं। इनमें से जेजेपी 70 सीटों पर और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) 20 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।

मौके पर जुटे समर्थक, हंगामा

दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर के काफिले पर हमला होने की खबर मिलते ही इनके समर्थक मौके पर पहुंच गए और हंगामे का माहौल बन गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। यहां पर दुष्यंत चौटाला और उचाना थाने के एसएचओ के बीच बहस होने की भी खबर सामने आई है।

दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस से कहा कि उसे हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। हालांकि हमले में इन दोनों नेताओं को किसी तरह की चोट नहीं आई है। दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर के काफिले पर हमले की यह खबर सोशल मीडिया पर भी फैल गई। हमले के बाद चंद्रशेखर आजाद दूसरी कार में सवार होकर आगे बढ़ गए।

जेजेपी का हरियाणा में यह दूसरा विधानसभा चुनाव है जबकि आसपा हरियाणा में पहली बार चुनाव लड़ रही है। जेजेपी का गठन 2018 में हुआ था और आसपा का गठन 2022 में हुआ था।

युवा नेता हैं चंद्रशेखर और दुष्यंत

दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद दोनों ही राजनीति में एकदम युवा हैं। दोनों ने ही पिछले कुछ सालों में काफी तेजी से तरक्की की है। दुष्यंत चौटाला मात्र 26 साल की उम्र में लोकसभा का चुनाव जीते थे और 31 साल की उम्र में हरियाणा के उपमुख्यमंत्री बन गए थे।

नगीना से जीते चंद्रशेखर आजाद

चंद्रशेखर आजाद ने पिछले कुछ ही सालों में सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है। बसपा के संस्थापक कांशीराम को अपना आदर्श मानने वाले चंद्रशेखर ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से बड़ी जीत दर्ज कर राजनीतिक विश्लेषकों को हैरान कर दिया था। उन्हें डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से जीत मिली थी।

इनेलो ने किया बसपा से गठबंधन

दुष्यंत चौटाला के चाचा अभय चौटाला (इनेलो) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीएसपी के साथ गठबंधन किया है। हरियाणा में 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 8 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here