संत कबीर नगर में युवक लापता, खेत में मिले खून के छींटे

संतकबीर नगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना के चंगेरा-मंगेरा गांव निवासी एक युवक को उनके ही गांव का एक ट्रैक्टर चालक खेत की जोताई करने की बात कहकर गुरुवार की रात घर से लेकर चला गया। शुक्रवार को सुबह गांव के समीप स्थित जोते गए खेत में युवक का एक चप्पल, फटी हुई बनियान मिले व खून के छींटे दिखे।

काफी खोजबीन के बाद भी युवक नहीं मिला। एसपी,एएसपी, एसओजी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। पीड़ित मां व गांव के लोगों से पूछताछ की।कोतवाली खलीलाबाद थाना के चंगेरा-मंगेरा गांव निवासी 40 वर्षीय रामजनम चौहान पुत्र गंगाराम को गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे उनके ही गांव का एक ट्रैक्टर चालक खेत की जोताई करने की बात कहकर ले गया। देर रात तक यह युवक घर नहीं आया। इससे घबराई मां उसे गांव में खोजने लगी। कहीं न मिलने पर वह चालक के घर पर पहुंची।

चालक व उसका भाई घर में नहीं मिले। परिवार के सदस्यों ने बताया कि ये दोनों रिश्तेदारी में गए हैं। इस पर मां घर लौट आई। वह शुक्रवार को सुबह बेटे को खाेजते हुए गांव के सिवान में जोते गए खेत में पहुंची। वहां पर खून के छींटे, फटी हुई बनियान, बेटे का एक चप्पल दिखा।

उसके रोने की आवाज सुनकर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर एसपी सत्यजीत गुप्ता, एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी सर्वेश राय, कोतवाली खलीलाबाद के एसएसआइ राजेश दूबे पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। पुलिस आसपास के गन्ने के खेतों में खोजबीन की लेकिन युवक नहीं मिला।

किसान को अपनी भूमि छोड़ने के लिए सिपाही ने दी धमकी, होगी जांच

मगहर चौकी के एक सिपाही ने क्षेत्र के एक किसान को अपनी भूमि छोड़ने की धमकी दी है। भू-माफियाओं के पक्ष में सिपाही ने किसान से कहा कि खेत का कब्जा दे दो वरना अंजाम भुगतने को तैयार हो जाओ। सिपाही की धमकी से किसान की हालत बिगड़ गयी।स्वजन का आरोप है कि सिपाही क्षेत्र में भूमि की दलाली करता है। भू-माफियाओं की साठ-गांठ से वह लोगों की भूमि पर कब्जा करवाता है। एएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आदेश दिया है। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के गड़सरपार के गजपति सिंह ने बताया कि उनकी भूमि पर क्षेत्र के एक भू-माफिया की नजर है। आरोपित पुलिस के सहयोग से लोगों की भूमि पर कब्जा करता है।

उनकी एक भूमि को भू-माफिया ने फर्जी तरीके से अपने नाम कर लिया है। इसकी जानकारी हाेने के बाद वह इस मामले को लेकर न्यायालय चले गए। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अब भू-माफिया मगहर चौकी के एक सिपाही, जो क्षेत्र में भू-माफियाओं का सहयोगी है, उसके साथ मिलकर उनकी भूमि पर कब्जा करना चाहता है। सिपाही पिछले कुछ दिनों से भूमि खाली करने की धमकी दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सिपाही भूमि खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस घटना से उनके सीने में दर्द शुरू हो गया है। यदि उनके साथ कोई दुर्घटना होती है तो इसकी सारी जिम्मेदारी मगहर चौकी के सिपाही और भू-माफिया की होगी।अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि भूमि से संबंधित मामले में पुलिस की कोई भूमिका नहीं होती है। यदि सिपाही ने किसान को धमकी दी है, तो यह गलत है। वह इसकी जांच करवाएंगे। यदि मामला सही मिला तो आरोपित पर कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here