महाराष्ट विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सबसे बड़ा सवाल ये है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा? और महायुति घटक दलों में किस पार्टी के मुखिया को क्या पद मिलेगा? इन सवालों के बीच इससे जुड़ी कुछ प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है। इसमें जो नाम जुड़ा है, वो राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की मां सरिका फडणवीस का है। दरअसल, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस की मां सरिता फडणवीस ने शनिवार को कहा कि उनका बेटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘पसंदीदा’ है और भाजपा में हर कोई चाहता है कि वह महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बने।
पार्टी में सभी चाहते हैं कि वो अगला सीएम बने- सरिता फडणवीस
सत्तारूढ़ गठबंधन के विधानसभा चुनावों में भारी जीत हासिल करने की ओर अग्रसर होने के बीच नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बेटा चुनौतियों से पार पाना जानता है। सरिता फडणवीस ने आगे कहा, पार्टी में हर कोई चाहता है कि वह अगला मुख्यमंत्री बने। यह स्पष्ट है कि अन्य लोग भी चाहते हैं कि वह यह भूमिका निभाए। वह वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पसंदीदा है, जो उसे अपना बेटा मानते हैं।
‘वो जानता है कि चुनौतियों का सामना कैसे करना है’
उन्होंने कहा कि उनके बेटे की अथक मेहनत और लोगों के प्यार ने उन्हें यह जीत दिलाई। पिछले दो वर्षों में विपक्ष की तरफ से उनके बेटे को निशाना बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, यही कारण है कि उन्होंने खुद को आधुनिक समय का अभिमन्यु बताया। वह जानते हैं कि चुनौतियों का सामना कैसे करना है।
देवेंद्र फडणवीस की राजनीतिक ताकत में इजाफा!
शनिवार के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद देवेंद्र फडणवीस की राजनीतिक ताकत में इजाफा हुआ है क्योंकि भाजपा ने इन चुनावों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। वह 2014 से 2019 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनके पिता स्वर्गीय गंगाधर फडणवीस जनसंघ और बाद में भाजपा के नेता थे।