संभल जाने की तैयारी में सपा का प्रतिनिधिमंडल, माता प्रसाद के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

यूपी के संभल में मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संभल जाएगा। सपा ने पत्र जारी करके इसकी जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित 15 नाम शामिल हैं। डेलिगेशन में शामिल लोग हिंसा के बारे में जानकारी जुटाएंगे। वहीं खबर है कि माता प्रसाद के घर के बाहर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। सेक्टर 11 वृंदावन योजना लखनऊ में उनके घर के बाहर रात से ही पुलिस तैनात कर दी गई थी। अभी पुलिस बाहर ही है। उनको किसी प्रकार का नोटिस आदि नहीं दिया है और न ही नजरबंद किया गया है।

इसके बाद यह जानकारी सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ साझा करेंगे। बताते चलें कि इससे पहले डीजीपी के कार्रवाई के आश्वासन पर प्रतिनिधिमंडल ने संभल जाना रद्द कर किया था। लेकिन अब 30 नवंबर यानी शनिवार को सपा नेता मौके पर जाएंगे।  

दो दिन पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने प्रेस वार्ता कर संभल हिंसा को लेकर सरकार को घेरा था। सपा के डेलिगेशन के संभल जाने पर भी अपनी बात कही था। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा था कि संभल हिंसा पर डीजीपी ने निष्पक्ष जांच होने का भरोसा दिया है। हम लोग आज मौके पर जाने वाले थे। लेकिन, हमें तीन दिन बाद जाने के लिए बोला गया है। कहा कि प्लेस ऑफ वर्शिप एक्ट का पालन नहीं हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरे पर लिया। कहा कि घटना के दिन जियाउर्हमान संभल में नहीं थे। भाजपा सरकार संविधान को नहीं मानती है। कहा था कि पुलिस अपने बचाव के लिए कुछ भी बयान दे रही है। इस सरकार को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। 

जामा मस्जिद के पीछे सड़क पर उपद्रवियों ने तीन कार और छह बाइक को रविवार की सुबह उपद्रव के दौरान फूंक दिया था, इसका वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में उपद्रवी एक बाइक में आग लगाकर दूसरी बाइक को उसके नजदीक लाते हुए दिख रहे हैं। इसी तरह के वीडियो लगातार जारी हो रहे हैं। जिससे स्पष्ट हो रहा है कि शहर में संपत्ति का नुकसान उपद्रवियों ने किस तरह किया है।

रविवार की सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में लोग जामा मस्जिद के नजदीक एकत्र हो गए थे। इस दौरान मस्जिद में सर्वे का कार्य चल रहा था। भीड़ बढ़ी तो पुलिस और भीड़ के बीच झड़प शुरू हो गई थी। बवाल इतना बढ़ा कि पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई। इस बवाल के दौरान ही पांच लोगों की जान गई है। अब इस उपद्रव के वीडियो और फोटो के आधार पर पुलिस आरोपियाें की तलाश कर रही है। इसी छानबीन में बाइक फूंकने का वीडियो सामने आया है। जिसमें कई उपद्रवी एक बाइक में आग लगाते हैं और बाद में दूसरी बाइक को उसके ऊपर डाल देते हैं। इसी तरह तीन कारों में भी आग लगाई गई।

250 उपद्रवियों के फोटो पुलिस ने कर दिए हैं जारी, पोस्टर भी लगाए जाएंगे

 जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए टीमें लगी हुई हैं। इसमें 250 फोटो तो उपद्रवियों के जारी कर दिए गए हैं। जिसमें वह ईंट-पत्थर और लाठी डंडे लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें काफी उपद्रवियों ने चेहरे को भी नकाब से कवर कर लिया था। इन सभी की पहचान के लिए पुलिस अपने सूत्र लगा रही है। जिससे उपद्रवियों तक पहुंचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here