तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे दंपती समेत तीन लोगों की लोडर की टक्कर लगने से मौत हो गई। गदागंज थाना क्षेत्र के लालगंज गौरा हरदो गांव निवासी अशोक कुमार उर्फ पप्पू यादव (48), पत्नी लीलावती (46) और भाई अमित की पत्नी कविता यादव (30) के साथ तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ऊंचाहार से शनिवार की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। गदागंज थाना क्षेत्र के कुरौली बुधकर गांव के पास करीब 7.30 बजे गदागंज से ऊंचाहार की तरफ जा रहे लोडर की टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अशोक कुमार, कविता की मौके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लीलावती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए लोडर लेकर भाग निकला। गदागंज-ऊंचाहार मार्ग पर हुए हादसे के चलते कुछ देर आवागमन प्रभावित रहा। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर गांव पहुंची तो परिजनों में रोना पिटना मच गया। पुलिस ने मौके पर आकर हादसे की जांच की। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि बाइक अशोक कुमार चला रहे थे। वह हेलमेट नहीं पहने थे। दंपती समेत तीन लोगों को सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोटेंं आई थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
अशोक करते थे किसानी, कविता थी गणित टीचर
अशोक कुमार किसानी करते थे, जबकि उनके भाई अमित की पत्नी कविता यादव क्षेत्र के विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल गदागंज में गणित टीचर थीं। अमित झांसी में प्राइवेट नौकरी करते हैं। अशोक कुमार की ऊंचाहार थाना क्षेत्र के बरहदा मजरे बाबूगंज में ससुराल है। वहां पर तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन लोग दोपहर बरहदा गांव थे और देर शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। पिता अशोक की मौत की खबर मिलते ही बेटे बब्बू (२७), दीपू (१९), बेटी कुमकुम (१६) दहाड़े मारकर रो पड़े। तीनों की चीख पुकार सुनते ही आसपास के लोग भी आ गए। बिलख रहे बब्बू की जुबां से ही एक शब्द निकल रहे थे कि पिता ने कहा था कि देर शाम तक घर आ जाएंगे। घर देखे रहना। यह सब कैसे हो गया। एक साथ तीन लोगों की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया है।