संजय सिंह ने मनोज तिवारी और अमित मालवीय को भेजा मानहानि नोटिस

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के दो सांसदों मनोज तिवारी और अमित मालवीय को मानहानि का नोटिस भेज दिया है। सांसद मनोज तिवारी और अमित मालवीय को भेजे गए मानहानि के नोटिस पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि जब भाजपा नेता मेरे और मेरी पत्नी के बारे में झूठ फैलाते हैं तो मैं कोई कार्रवाई न करूं। उन्हें अदालत के सामने अपना झूठ साबित करना चाहिए।

वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह के मानहानि नोटिस भेजे जाने पर कहा कि जो व्यक्ति खुद जमानत पर बाहर है। उसका कितना मान बचा हुआ है। सांसद खुद चुनाव अधिकारियों को धमका रहे हैं। अपनी गलती स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऊपर से गुर्रा रहे हैं। हमारा मानना है कि यह सब काम क्रिमिनल एक्ट में आते हैं। इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। 

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीते सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। मतदाता सूची विवाद पर संजय सिंह ने कहा था कि मुझे और मेरे परिवार को बदनाम किया गया। अमित मालीयव पर मानहानि का केस करूंगा। मनोज तिवारी पर भी केस करूंगा।

संजय सिंह ने कहा था कि पीएम मोदी कहते हैं कि यह डिजिटल इंडिया है। मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाएं और मेरी पत्नी अनीता सिंह का नाम खोजें…भाजपा के लोगों को वेबसाइट पर जाना चाहिए और जांच कि उन्होंने अपना वोट कहां डाला। अगर पीएम मोदी वास्तव में डिजिटल इंडिया में विश्वास करते हैं तो उन्हें जाकर शोध करना चाहिए। वे केवल झूठ बोल रहे हैं। उनके पास इतना भी दिमाग नहीं है कि वे जांच सकें और देख सकें कि मेरी पत्नी ने अभी छह महीने पहले लोकसभा चुनाव में वोट डाला है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने वोटर लिस्ट को लेकर जारी विवाद पर कहा था, ‘हाल ही में एक डिबेट में संजय सिंह से कहा था कि आप एक उदाहरण बताएं, जहां भाजपा ने पूर्वांचली किसी देशवासी का वोट कटवाने का एप्लीकेशन दिया हो तो राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि हम नहीं दिखा पाए तो हम छोड़ देंगे। डिबेट खत्म हो गई और वह चले गए। डिबेट के बाद वह ढूंढकर लाए तो पत्नी का नाम लेकर सामने आए। हम भी डिजिटली बहुत साउंड हैं। पत्नी का वोट कहां का है।’

मनोज तिवारी ने इसके आगे संजय सिंह पर हमला करते हुए कहा, ”आप सांसद की पत्नी का वोट सुल्तानपुर यूपी में है। ये एफिडेविट दिया है, जिसका वोट ही नहीं है, उसका नाम वोटर लिस्ट से कैसे कटवाया जा सकता है।’ 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here