निर्भीक व निष्पक्ष होकर दायित्व निभाएं, प्रेमानंद महाराज का संभल डीएम को सुझाव

संभल हिंसा के बाद से चर्चा में आए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। संत प्रेमानंद महाराज ने डीएम को कर्तव्य और धर्म का महत्व समझाते हुए गीता के उपदेश का उदाहरण दिया।

संत प्रेमानंद महाराज ने जिलाधिकारी पैंसिया से कहा कि भगवान की कृपा से सेवा का अवसर मिलता है। इसे पूर्ण लगन और निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने डीएम को भय और प्रलोभन से बचते हुए निर्भीक व निष्पक्ष होकर अपने दायित्व निभाने का सुझाव दिया। महाराज ने कहा, “भगवान ने गीता में अर्जुन को कर्तव्य निभाने का महत्व समझाया था।

धर्मयुद्ध में भाग लेना ही अर्जुन का कर्तव्य था, और उसी तरह अपने अधिकार के अनुसार राष्ट्र की सेवा करना आपका कर्तव्य है। प्रेमानंद महाराज ने डीएम से नशे के संबंध में सवाल किया, जिस पर डीएम ने बताया कि वह चाय तक नहीं पीते। उन्होंने यह भी साझा किया कि उनके घर में प्रतिदिन डेढ़ घंटे गीता पाठ होता है।

महाराज ने इसे सराहनीय बताते हुए कहा कि जीवन में भगवान का स्मरण और सेवा का भाव रखना आवश्यक है। संभल में पुराने मंदिरों की खोजबीन और दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया पहले ही सुर्खियों में हैं।

अब वृंदावन में उनकी यह मुलाकात भी चर्चा का विषय बन गई है। महाराज ने उन्हें सलाह दी कि अपने कार्य में त्रुटि न होने दें और इसे भगवान की आराधना मानकर निभाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here