नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नई सरकार के गठन को लेकर सरगर्मियां तेज है। नए सीएम और उसके मंत्रिमंडल को लेकर बीजेपी नेताओं के बीचे बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पार्टी के महासचिवों के साथ शनिवार शाम को बैठक हो रही है। यह बैठक बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय में हो रही है। माना जा रहा है कि इसमें सीएम के नाम पर सहमति बन जाएगी।
बताया जा रहा है कि उसमें दिल्ली में सरकार गठन को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के चयन के लिए जल्द ही पर्यवेक्षक की नियुक्ति होगी। आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित हुआ था। एक सप्ताह बाद भी दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम घोषित होने का इंतजार है। नड्डा दिल्ली के कई विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर चुके हैं। उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हुई है।
संभावित दावेदारों की सूची तैयार
माना जा रहा है कि संभावित दावेदारों की सूची तैयार कर ली गई है। प्रधानमंत्री से चर्चा करने के बाद पर्यवेक्षक के माध्यम से पार्टी के विधायकों के सामने उसे रखा जाएगा। प्रधानमंत्री फ्रांस व अमेरिका के दौरे पर थे। शुक्रवार रात वह वापस लौट आए हैं। उम्मीद है कि एक दो दिनों में पर्यवेक्षक की घोषणा कर दी जाएगी। पर्यवेक्षक की उपस्थिति में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।
ये नाम सीएम पद की होड़ में
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा, छह बार के विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक अजय महावर, रेखा गुप्ता, शिखा राय और आशीष सूद शामिल हैं।
यह भी माना जा रहा है कि चर्चा में शामिल नामों से अलग किसी अन्य विधायक को यह जिम्मेदारी दी जाए। मंत्रिमंडल में प्रत्येक लोकसभा को प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि अगले सप्ताह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।