116 अवैध प्रवासियों को लेकर अमेरिकी सेना का विमान शनिवार देर रात करीब 11.38 बजे श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा। पहले 119 लोगों के आने की जानकारी थी, लेकिन तीन लोगों की तबीयत खराब होने के कारण उनकी वापसी अब बाद में होगी। लौटने वालों में 33 लोग हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि सबसे ज्यादा पंजाब के 65 हैं।
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए युवाओं में दो युवक हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शामिल है। ये दोनों ही पिहोवा क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक युवक रोमनप्रीत गांव सैयना सैदा को तो दूसरा पिहोवा शहर का ही रहने वाला साहिल वर्मा है। दोनों के वापस लौटने को लेकर परिजन भी सदमें में हैं।
उधर, अमेरिका से लौटे युवक साहिल वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक पर पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। डिपोर्ट होकर जैसे ही साहिल वर्मा घर पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया। उसे पर पॉक्सो एक्ट के अलावा आदर्श धारा 323, 341, 354, 354 डी, 506, 216 वी 120 बी के तहत पिहोवा थाने में मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि आरोपी इस मामले से बचने की फिराक में भी अमेरिका भाग गया था। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में आरोपी युवक से पूछताछ में जुटी है।
दो साल तक इटली में रहा आरोपी
आरोपी साहिल वर्मा वर्ष 2022 में ही मामला दर्ज होने के करीब एक सप्ताह बाद ही विदेश फरार हो गया था। वह पहले वियतनाम गया जिसके बाद करीब 15 लख रुपये खर्च कर इटली में 2 साल तक रहा। वहां से वह 25 जनवरी को ही अमरिका पहुंचा था, जहां अभी उसे कैंप में ही रखा हुआ था। आरोपी का एक भाई पिछले कहीं वर्षों से अमेरिका में ही रह रहा है। जबकि माता-पिता पिहोवा में ही रहते हैं, जो मजदूरी कर अपना गुजारा चलते हैं। पिहोवा पुलिस को गत रात को जैसे ही छेड़छाड़ में पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी साहिल वर्मा के आने का पता चला तो पुलिस ने उसे एयरपोर्ट से ही गिरफ्त में ले लिया। कुछ देर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा
157 भारतीयों को लेकर आज भी आएगा एक और विमान
अमेरिका से 157 अवैध प्रवासियों को लेकर रविवार को एक और विमान अमृतसर पहुंचेगा। हालांकि, यह अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रविवार को आने वाला विमान कितने बजे लैंड करेगा।
करीब 36 घंटे की यात्रा कर विमान पहुंचा अमृतसर
अमेरिकी सेना के विमान ने भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उड़ान भरी थी, जोकि 36 घंटे का सफर तय कर शनिवार रात 11.38 बजे अमृतसर पहुंचा। इस बार भी सभी भारतीयों को हथकड़ी और जंजीरों से बांधकर लाया गया है।