‘जनता ने एक तानाशाह शासक को उसके झूठ, छल और धोखाधड़ी की सजा दी’: तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कल 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ समारोह की चल रही अंतिम तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दिया है। ये भरपूर आशीर्वाद जनादेश में तब्दील हो गया है। कल दिल्ली में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। मुझे लगता है कि रामलीला मैदान में होने वाली यह दिल्ली की सबसे ऐतिहासिक घटना होगी। दिल्ली की जनता ने एक तानाशाह शासक को उसके झूठ, छल और धोखाधड़ी की सजा दी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली विश्वस्तरीय राजधानी बनने की ओर अग्रसर होगी। हर गरीब, आम आदमी सबसे बड़ा वीआईपी है और वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई कैबिनेट को आशीर्वाद देने के लिए यहां मौजूद रहेगा। कल सुबह 11 बजे समारोह आयोजित किया जाएगा।”

रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ बने पर्यवेक्षक
भाजपा के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। भाजपा ने रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया है। इन्हीं की उपस्थित में आज शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।

आज शाम 7 बजे दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद एवं राष्ट्रीय मंत्री ओपी धनकड़ को भाजपा विधायक दल नेता के चुनाव के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त करने का स्वागत किया है। सचदेवा ने कहा है की 19 फरवरी को शाम 7 बजे दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक 14 पंत मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय पर होगी जिसमें केन्द्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिती में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा।

कई राज्यों के मुख्यमंत्री हो सकते हैं शामिल
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहने की भी उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। चूंकि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मौजूद रहेंगे, इसलिए उनकी सुरक्षा में एसपीजी का घेरा मौजूद रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here