बिहार में बनेगी एनडीए की सरकार, अन्याय के युद्ध में भाजपा का साथ दें: मोहन यादव

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में बिहार दिवस मनाया गया। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘‘ स्नेह मिलन सम्मेलन का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश के बिहारी मूल निवासियों से अपील की कि वे अन्याय के खिलाफ इस युद्ध में भाजपा का साथ दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती विशेष महत्व रखती है और वहां परमात्मा की कृपा है। उन्होंने बताया कि बिहार का नाम भगवान के नाम पर पड़ा है और यह राज्य एकमात्र ऐसा राज्य है जिसका नाम भगवान के नाम पर रखा गया। 1912 में बिहार का नामकरण हुआ, जो भगवान बाके बिहारी के नाम पर हुआ था।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश और बिहार की अहमियत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दुनियाभर के राजकुमार शिक्षा ग्रहण करने के लिए नालंदा और तक्षशिला आते थे। इसके साथ ही उन्होंने भोजपुरी भाषा को राजा भोज से जोड़ा और बिहार के क्रांतिकारी कुंवर सिंह को उज्जैन से जोड़ते हुए उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने की बात कही। वहीं, सीएम ने यह भी घोषणा की कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के सम्मान में पार्क और प्रतिमा बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर बनकर तैयार हुआ, उसके उदघाटन के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बुलाया था, लेकिन नेहरू ने इसका विरोध किया था और सोमनाथ के उद्घाटन में हिस्सा नहीं लिया। कांग्रेस के लोग वोट के चश्में के बाहर नहीं देखते। उस समय डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मैं आउंगा। यह देश के राजनेता होते हैं। 

विपक्ष पर जमकर साधा निशाना 
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने अच्छे गांव का नाम वृंदावन करने की घोषणा की है, जो सभी प्रकार से समर्थ हो, गांव में सुशासन हो, आपस में भाईचारा हो और एक दूसरे को लेकर चलने की भावना हो। शासन की योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन हो। इसके अलावा एक और बात जिसके घर गाय वो गोपाल होगा। उन्होंने लालु प्रसाद यादव का नाम लिए उन पर निशाना साधा और कहा कि उनके परिवार में मुख्यमंत्री,उपमुख्यमंत्री हो गए। भाजपा ने एक यदुवंशी को मुख्यमंत्री बनाया तो वह यह सब कर रहा है। भगवान कृष्ण के नाम पर ही हमारी संस्कृति है। उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने क्या किया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथ ही पार्टियों ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के मार्ग को रोकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी का रथ किसने रोका? जो राम के लिए काम नहीं करता, वह किसी काम का नहीं है।  उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता को विपक्ष से यह सवाल करना चाहिए। 

बिहार ने देशको लोकतंत्र दिया है 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि बिहार का हर व्यक्ति, चाहे वह दुनिया के किसी कोने में क्यों न हो, सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने बिहार की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार ने देश को लोकतंत्र दिया है और कांग्रेस जैसे दलों को जवाब दिया है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बिहारी प्रदेश की बड़ी ताकत हैं, और बिहारी जान दे सकता है, लेकिन धोखा नहीं देता। उन्होंने कहा कि 25 राज्यों में 75 कार्यक्रम हो रहे हैं, और बिहार में सरकार बनाने में हर व्यक्ति की भूमिका होगी।

यह नेता रहे कार्यक्रम में उपस्थित 
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, बिहार शासन के मंत्री  राजू कुमार सिंह एवं बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम,  मध्य प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री व बिहार दिवस अभियान के प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मंत्रीराहुल कोठारी, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, बिहार दिवस अभियान के सह प्रभारी विजय दुबे एवं भाजपा भोपाल जिला अध्यक्ष  रविन्द्र यति उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here