मुजफ्फरनगर में बुढाना कोतवाली क्षेत्र के कांधला रोड पर महर्षि कश्यप जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान डीजे नीचे गिर गया। हादसे में डीजे के ऊपर बैठे कई लोग नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
शोभायात्रा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। शोभायात्रा में शामिल लोग उत्साह के साथ डीजे की धुनों पर नाच रहे थे। इसी दौरान डीजे को लेकर जा रही गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। जिससे डीजे नीचे गिर पड़ा। डीजे के ऊपर बैठे कई लोग इस हादसे की चपेट में आ गए और नीचे गिरकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीजे के भारी स्पीकर और कॉलम भी लोगों पर गिरे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मौके पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोभायात्रा का उत्साह अफरा-तफ़री में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को डीजे के स्पीकर व कॉलम के नीचे से निकालने की कोशिश की। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
यह पूरी घटना कांधला रोड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे डीजे की गाड़ी अचानक डगमगाई और उसके बाद डीजे नीचे गिर गया। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गाड़ी की तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।