भागवत अलीगढ़ पहुंचे, ब्रज प्रांत में संघ कार्यों की ली जानकारी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 17 अप्रैल की शाम नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से कानपुर से अलीगढ़ पहुंच गए। यहां 21 अप्रैल तक मथुरा रोड स्थित केशव सेवाधाम परिसर में डॉ. शन्नोरानी सरस्वती विद्यापीठ में रुकेंगे। देर शाम संघ प्रमुख ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर ब्रज प्रांत में चल रहे संघ कार्यों की जानकारी ली। संघ प्रमुख 19 अप्रैल को शहर में लगने वाली सुबह और शाम की शाखाओं में भी शामिल होंगे।

सरसंघचालक मोहन भागवत ब्रज प्रांत के पांच दिन के प्रवास पर अलीगढ़ आए हैं। वह शाम सात बजकर आठ मिनट पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से प्लेटफार्म नंबर सात पहुंचे। यहां कड़े सुरक्षा घेरे के बीच संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और काफिले के साथ वह सात बजकर 36 मिनट पर केशव सेवाधाम पहुंचे। यहां अलीगढ़, आगरा और बरेली मंडल के संघ पदाधिकारी भी पहुंचे हैं। देर शाम संघ प्रमुख ने ब्रज प्रांत के पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे संघ के कार्यों की जानकारी संघ प्रमुख को दी।

संघ प्रमुख के पहुंंचने से पूर्व जिले के महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन आरएसएस के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने किया। प्रदर्शनी में जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गौरवगाथा का वर्णन किया गया है। सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी देश के प्रत्येक जिले में लगनी चाहिए। इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत होगी। प्रदर्शनी में आजादी के समय की ऐसी घटनाओं का वर्णन है जो इतिहास की किताबों में नहीं मिलते। जबकि देश के प्रति उनका त्याग, समर्पण और बलिदान किसी भी तरह से कम नहीं था। इन महान क्रांतिकारियों के बारे में नई पीढ़ी को जरूर जानना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here