उत्तर प्रदेश के एटा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। महिला की लाश अर्धनग्न हालत में मिली है। परिजन ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, थाना निधौली कलां इलाके के एक गांव में रविवार सुबह एक महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में चारपाई पर मिला। परिजन ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताते हुए आरोप लगाए हैं। पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वैड टीम मामले की जांच-पड़ताल में जुट गईं हैं।
मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि शनिवार को परिवार में एक शादी थी। लड़के की बरात में शामिल होने गए थे। 40 वर्षीय पत्नी घर पर अकेली रह गई थी। रविवार सुबह जब शादी से घर लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो आसपास के लोग भी घर के बाहर आ गए। बेटा पीछे की दीवार फांदकर घर के अंदर गया। वहां की स्थिति को देखकर उसकी चीख निकल गई। घर के आंगन में चारपाई पर उसकी मां का शव पड़ा हुआ था।
पति ने बताया कि पत्नी के शरीर से आधे कपड़े गायब थे और गले व शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने पत्नी के साथ दुष्कर्म कर हत्या की है। बताया कि बड़ा बेटा दिल्ली में रहकर हलवाई का काम करता है। 25 मई को उसका विवाह होना है।
मां की मौत के बाद अब उस घर में शादी की खुशियों की जगह मौत का मातम पसर गया है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।