कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर संदेह जताने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता और सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लगातार पाकिस्तानी आतंकियों को राहत देने की कोशिश करती रही है।
संबित पात्रा का तीखा हमला
संबित पात्रा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “बाहर से कांग्रेस कार्यसमिति दिखती है, लेकिन भीतर से वह पाकिस्तान की कार्यसमिति की तरह काम करती है।” उन्होंने बताया कि कांग्रेस की कार्यसमिति बैठक के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह कह दिया कि पुलवामा के बाद कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई। पात्रा ने यह भी दावा किया कि एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुपचुप तरीके से पाकिस्तान गए और वहां 15 दिन तक रुके, ताकि सार्वजनिक रूप से पकड़े न जाएं। उन्होंने बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने यह जानकारी दी थी।
सेना के मनोबल पर कांग्रेस की टिप्पणी?
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी बार-बार सेना के मनोबल को कमजोर करती है। उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का विरोध किया था। पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता, जैसे राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और अन्य, बार-बार सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर या पाकिस्तान को क्लीन चिट देकर देशविरोधी सोच को बढ़ावा देते हैं।
क्या कहा था चरणजीत सिंह चन्नी ने?
पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने शुक्रवार को पुलवामा हमले के संदर्भ में कहा था कि “जब 40 जवान शहीद हुए थे, तब सरकार ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया, लेकिन हमें कभी यह नहीं दिखा कि पाकिस्तान में कहां हमला हुआ। अगर देश में कोई बम फेंकता है तो क्या जनता को जानकारी नहीं होती? उन्होंने दावा किया कि सर्जिकल स्ट्राइक हुई, लेकिन किसी ने न तो उसे देखा और न ही इसकी पुष्टि की।”