केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने अपने जवान मुनीर अहमद को सेवा से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक पाकिस्तानी महिला से शादी करने की जानकारी छिपाई, जो सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। अहमद की तैनाती CRPF की 41वीं बटालियन में थी।
राष्ट्रहित के खिलाफ माना गया व्यवहार
CRPF प्रवक्ता और उप महानिरीक्षक एम. दिनाकरन के मुताबिक, जवान ने पाकिस्तानी नागरिक से विवाह की सूचना न सिर्फ छुपाई बल्कि वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद महिला को अपने पास भारत में रखा। इसे सेवा नियमों के उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए बर्खास्त किया गया।
शादी का पता कैसे चला?
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों से देश छोड़ने की अपील की थी। इसी दौरान मुनीर अहमद और पाकिस्तानी महिला मिनल खान के रिश्ते का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि दोनों ने पिछले वर्ष 24 मई को वीडियो कॉल पर शादी की थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अधिकारियों को नहीं दी थी।
पहलगाम आतंकी हमले का संदर्भ
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। मारे गए लोगों में 25 भारतीय और एक नेपाली पर्यटक शामिल थे, जो बायसरन घाटी में छुट्टियां मना रहे थे।