मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर नेपाल सीमा से सटे जिलों में अवैध कब्जों और बिना मान्यता वाले धार्मिक संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। इस विशेष अभियान के तहत पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिलों में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। अब तक महाराजगंज में 33 अवैध धार्मिक स्थल और मदरसे चिन्हित किए गए हैं, जबकि सिद्धार्थनगर में 21 ऐसे संस्थान पाए गए हैं। सबसे ज्यादा कार्रवाई श्रावस्ती जिले में हुई, जहां 68 अवैध मदरसे सील किए गए हैं और 164 पर बेदखली की कार्रवाई की गई। पीलीभीत में भी एक अवैध धार्मिक स्थल का पता चला, और इसमें शामिल 6 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
महाराजगंज में 33 में से 32 पर हुई कार्रवाई
महाराजगंज जिले में प्रशासन ने 33 अवैध धार्मिक स्थल और मदरसों को चिन्हित किया, जिसमें 19 मदरसे शामिल हैं। इनमें से 4 मदरसे का कब्जा हटाया गया और 14 पर 67(1) की कार्रवाई की गई। एक मदरसा अभी हाईकोर्ट में विचाराधीन है। 10 अवैध धार्मिक स्थलों पर भी 67(1) की कार्रवाई की गई और चार मजारों में से दो को हटा दिया गया। बाकी पर कार्रवाई जारी है।
सिद्धार्थनगर में सभी 21 अवैध कब्जों पर कार्रवाई
सिद्धार्थनगर जिले में नेपाल सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में कुल 21 अवैध कब्जों का पता चला। इनमें से 4 अवैध धार्मिक स्थल और 17 अवैध मदरसे थे। प्रशासन ने 20 कब्जों को नोटिस जारी किए, जबकि एक कब्जा हटा दिया गया है।
बलरामपुर में 16 अवैध मदरसे बंद
बलरामपुर जिले में 34 अवैध मदरसे, धार्मिक स्थल और मजार चिन्हित किए गए, जिनमें से 6 से कब्जा हटाया गया है। 16 मदरसे को बंद कर दिया गया और 12 को नोटिस जारी किए गए हैं। एक स्थान पर स्थित ईदगाह पर भी कार्रवाई जारी है।
पीलीभीत में 6 लोगों को नोटिस
पीलीभीत में एक अवैध धार्मिक स्थल पाया गया और इसमें शामिल 6 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
श्रावस्ती में 68 मदरसे सील, 164 पर बेदखली
श्रावस्ती जिले में बिना मान्यता चल रहे 68 मदरसे सील किए गए हैं, जबकि 164 मदरसे पर बेदखली की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, भिनगा तहसील के ग्राम भरथा रोशनगढ़ में एक अवैध धार्मिक स्थल को ध्वस्त किया गया।