कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को मात्र 1 रन से शिकस्त दी। आईपीएल के इतिहास में यह दूसरी बार है जब केकेआर ने इतने कम अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स अब एक रन के अंतर से सबसे ज्यादा बार हारने वाली टीमों में शीर्ष पर पहुंच गई है।
अब तक आईपीएल में कुल 15 बार टीमें एक रन से जीत हासिल कर चुकी हैं। इनमें सबसे ज्यादा तीन बार हारने वाली टीम राजस्थान रॉयल्स रही है, जो इसे एक अनचाहा रिकॉर्ड बनाता है। इससे पहले राजस्थान की टीम 2012 और 2024 में भी एक-एक रन से हार का सामना कर चुकी है। किसी और टीम को इतनी बार इतने कम अंतर से हार नहीं मिली है।
वहीं, एक रन के मामूली अंतर से सबसे ज्यादा जीत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के नाम रही है, जिन्होंने तीन-तीन बार ऐसा कर दिखाया है। कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब ने दो-दो बार एक रन से जीत हासिल की है। इसके अलावा दिल्ली डेयरडेविल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात लायंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने एक-एक बार यह कारनामा किया है।
एक रन से सबसे अधिक बार पराजित होने वालों की सूची में राजस्थान रॉयल्स के साथ दिल्ली कैपिटल्स भी शामिल है, जो अब तक तीन-तीन बार इस अंतर से हार चुकी हैं। इसके बाद मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को दो-दो बार ऐसी हार झेलनी पड़ी है। एक-एक बार यह अनुभव डेक्कन चार्जर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, किंग्स इलेवन पंजाब, कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को भी हो चुका है।
आईपीएल में 1 रन से जीतने वाले मुकाबले (वर्षवार):
- 2008: किंग्स इलेवन पंजाब बनाम मुंबई इंडियंस
- 2009: किंग्स इलेवन पंजाब बनाम डेक्कन चार्जर्स
- 2012: दिल्ली डेयरडेविल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स
- 2012: मुंबई इंडियंस बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया
- 2015: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स
- 2016: गुजरात लायंस बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स
- 2016: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम किंग्स इलेवन पंजाब
- 2017: मुंबई इंडियंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स
- 2019: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
- 2021: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
- 2021: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम दिल्ली कैपिटल्स
- 2022: लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
- 2024: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
- 2024: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स
- 2025: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स