उत्तर प्रदेश पुलिस के 2013 बैच के 36,125 सिपाहियों को जल्द ही मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिलने की संभावना है। इसके लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रारंभिक वरिष्ठता सूची तैयार कर ली है। हालांकि, सूची के मिलान में कुछ चुनौतियाँ भी सामने आई हैं। भर्ती बोर्ड के अनुसार 2013 में सीधी भर्ती से चयनित सिपाहियों की सूची को जिलों से प्राप्त जानकारी और नॉमिनल रोल से मिलाकर देखा गया, जिसमें करीब 3,984 कर्मियों के रिकॉर्ड का मेल नहीं हो सका।
डीजीपी मुख्यालय में एसपी स्थापना अमृता मिश्रा ने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी भेजी है और निर्देश दिया है कि सूची का गहन मिलान किया जाए। जिन सिपाहियों के नाम छूट गए हैं, उनकी अलग सूची बनाकर 15 मई तक भेजने को कहा गया है।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि पुलिस लाइन, थानों और संबंधित कार्यालयों में सूची चस्पा की जाए ताकि कोई सिपाही यदि आपत्ति जताना चाहता है तो वह अपना प्रतिवेदन दे सके। विभागाध्यक्षों को यह प्रमाणित करना होगा कि उनके अधीनस्थ किसी भी पात्र कर्मचारी का नाम सूची से बाहर नहीं हुआ है। इसके बाद अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।