नीट यूजी 2025 में ब्राह्मण छात्र से जनेऊ उतारने की मांग पर विवाद, कलबुर्गी में विरोध प्रदर्शन

कर्नाटक के कलबुर्गी स्थित सेंट मैरी स्कूल में आयोजित NEET UG 2025 परीक्षा के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक ब्राह्मण छात्र श्रीपद पाटिल से कथित रूप से उसका जनेऊ उतारने को कहा गया। इस घटना को लेकर ब्राह्मण समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शनकारियों ने इसे धार्मिक आस्थाओं का अपमान बताया और परीक्षा केंद्र पर सरकारी गाइडलाइंस के उल्लंघन का आरोप लगाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सड़क पर बैठकर जनेऊ दिखाते हुए अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना है कि इससे पहले 16 अप्रैल को CET परीक्षा के दौरान भी ब्राह्मण छात्रों से जनेऊ हटवाने की घटनाएं हुई थीं।

इस बार NEET परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए NTA ने कई सख्त उपाय किए थे, जिनमें CCTV निगरानी, प्रश्न पत्र की पुलिस एस्कॉर्ट के साथ डिलीवरी और डिजिटल प्लेटफार्मों की सतत निगरानी शामिल रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here