आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऐतिहासिक रूप से नीचे जा सकती हैं। इस अटकल को बल मिला है क्योंकि तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक ने उत्पादन बढ़ाने का फैसला लिया है, जिससे खाड़ी देशों और अमेरिका के कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट और गहरा सकती है। उनके अनुसार ब्रेंट क्रूड की कीमतें 50 डॉलर प्रति बैरल तक गिर सकती हैं। अगर ऐसा होता है, तो भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम में 10 से 15 रुपये तक की कमी संभव है।
डॉलर-रुपया की भूमिका भी अहम
हालांकि, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती रुपये और डॉलर के बीच विनिमय दर पर भी निर्भर करेगी। यदि रुपया डॉलर के मुकाबले 81 से 83 के स्तर के बीच स्थिर रहता है, तो ईंधन की कीमतों में और राहत मिल सकती है।
कच्चे तेल की मौजूदा कीमतें
भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 1:55 बजे खाड़ी देशों के ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.18 डॉलर की गिरावट के साथ 60.11 डॉलर प्रति बैरल पर रही। कारोबार के दौरान यह कीमत 58.51 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। शुक्रवार को यह 61.29 डॉलर प्रति बैरल थी।
अमेरिकी क्रूड (WTI) में भी गिरावट आई। यह 2.11% या 1.23 डॉलर टूटकर 57.06 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि सत्र के दौरान यह 55.39 डॉलर प्रति बैरल के निचले स्तर पर पहुंच गया था।
भारत में भी दिख रहा असर
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में मई वायदा के तहत कच्चे तेल की कीमतें 125 रुपये की गिरावट के साथ 4815 रुपये प्रति बैरल पर दर्ज की गईं। एक सत्र में यह गिरावट 4724 रुपये प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, जबकि एक महीने पहले 2 अप्रैल को दाम 6124 रुपये थे। इस दौरान कुल मिलाकर लगभग 23% की गिरावट आई है।
आगे और सस्ता हो सकता है क्रूड
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विशेषज्ञ अनुज गुप्ता का अनुमान है कि अगले दो महीने में ब्रेंट क्रूड 50 डॉलर और WTI 48 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मांग के मुकाबले आपूर्ति अधिक है, और उत्पादन बढ़ने की संभावना से कीमतें और नीचे जा सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का मजबूत होना भी इस गिरावट को सपोर्ट करेगा।
पेट्रोल-डीजल में कितनी राहत संभव?
अगर ब्रेंट क्रूड 50 डॉलर प्रति बैरल तक आता है और रुपये की स्थिति मजबूत बनी रहती है, तो भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 10 से 15 रुपये तक घट सकती हैं। इससे दिल्ली जैसे शहरों में पेट्रोल 80 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच सकता है।
बार्कलेज का अनुमान
ब्रिटेन की बैंक बार्कलेज का अनुमान है कि 2025 में ब्रेंट क्रूड की कीमत 66 डॉलर और 2026 में 62 डॉलर प्रति बैरल तक रह सकती है। बैंक ने अपने पूर्वानुमान में 4 डॉलर प्रति बैरल की कटौती की है और माना है कि ओपेक+ 2025 के अंत तक अतिरिक्त उत्पादन कटौती समाप्त कर सकता है।