कृष्ण नगरी वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज पदयात्रा के दौरान एक हादसे से बाल-बाल बच गए। पदयात्रा के मार्ग पर लगा टेंट का लोहे का ढांचा अचानक हिलने लगा। उस वक्त प्रेमानंद महाराज वहीं से गुजर रहे थे। स्थिति को भांपते हुए वहां मौजूद लोग और पुलिस ने महाराज को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के दबाव के कारण ट्रस गिरने की स्थिति में आ गया था।
हितोत्सव के दौरान घटना
वृंदावन में इस समय श्री हरिवंश महाप्रभु के हितोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसी अवसर पर परिक्रमा मार्ग पर कार्यक्रम की तैयारियों के तहत यह ढांचा लगाया गया था। जब प्रेमानंद महाराज आश्रम से अपने निवास की ओर जा रहे थे, तभी यह ढांचा हिलने लगा। गनीमत रही कि समय रहते किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई।
पदयात्रा के दौरान घटी घटना
यह घटना बुधवार सुबह की है। रोजाना की तरह संत प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर निकले थे। आश्रम से निवास की ओर लौटते समय मार्ग में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसी बीच, एक स्थान पर लोहे का ट्रस अचानक हिलने लगा और गिरने की स्थिति में आ गया। वहां मौजूद श्रद्धालुओं और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महाराज को सुरक्षित निकाल लिया।
वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे संत प्रेमानंद महाराज हादसे से सुरक्षित बाहर निकलते हैं। इस दौरान भक्त भी एक पल के लिए घबरा गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। प्रेमानंद महाराज के सोशल मीडिया पर करोड़ों शिष्य हैं, जहां उन्हें ‘सोशल मीडिया का महाराज’ भी कहा जाता है।