नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसके बाद पूरे देश में खुशी का माहौल है। इस ऑपरेशन की सफलता को लेकर दिल्ली सरकार ने मंगलवार को कर्तव्य पथ पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया।

यात्रा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के कई मंत्री शामिल हुए। इसके अलावा, सांसदों और विधायकों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया। भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सेना के सम्मान में, देश का हर नागरिक मैदान में।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से की और कहा, “यह जयघोष सिर्फ शब्द नहीं है, बल्कि यह हमारे सैनिकों की शपथ है जो देश की सुरक्षा और मान-सम्मान के लिए अपनी जान की बाजी लगा देते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा, “यह हर उस नागरिक की आवाज है जो देश के लिए जीने और कुछ करने की इच्छा रखता है। भारत माता की जय केवल मैदान में नहीं, बल्कि हर मिशन में गूंजती है।”