नीतीश कुमार ने पुण्यतिथि पर पत्नी मंजू कुमारी सिन्हा को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पत्नी मंजू कुमारी सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर कंकड़बाग जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद, वह मंजू कुमारी सिन्हा स्मृति पार्क, कंकड़बाग से अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा, हरनौत स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे। यहां भी उन्होंने अपनी पत्नी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान, मुख्यमंत्री ने अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी और पिता स्व. रामलखन सिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार, बड़े भाई सतीश कुमार और परिवार के अन्य सदस्य भी इस मौके पर उपस्थित रहे और स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कल्याण बिगहा स्थित अपने पुश्तैनी गांव के देवी मंदिर में राज्य की सुख, शांति और समृद्धि के लिए पूजा अर्चना की। इसके साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए।

इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसमें अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव, पूर्व विधायक ई. सुनील, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, और बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here