उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ के लिए जनजागरण अभियान की शुरुआत की। इस सिलसिले में उन्होंने नुमाइश ग्राउंड स्टेडियम, कंपनी बाग और राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान का निरीक्षण किया और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया।
यह तिरंगा यात्रा 17 मई को शाम 5 बजे टाउन हॉल से आरंभ होगी। देशभक्ति, वीरता और एकता को समर्पित यह यात्रा युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों में राष्ट्र प्रेम और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को प्रबल करने का संदेश लेकर निकलेगी।
मंत्री का संदेश: तिरंगे के लिए एकजुटता जरूरी
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि तिरंगे की शान में एक साथ कदम से कदम मिलाकर चलना हम सबका दायित्व है। यह यात्रा राष्ट्रीय चेतना को जीवंत करने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान जिला मंत्री एवं तिरंगा यात्रा के संयोजक सुधीर खटीक, मंडल महामंत्री राधे वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष नितिन गर्ग और विवेक चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्व सभासद नवनीत कुच्छल सहित भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। स्थानीय नागरिकों ने इस राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया और बड़ी संख्या में यात्रा में भाग लेने का संकल्प लिया।