प्रदेश भाजपा ने रविवार को उत्तर पश्चिम, नजफगढ़ और नई दिल्ली जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को देश के सम्मान और साहस का प्रतीक बताया। हजारों कार्यकर्ताओं के साथ इन यात्राओं में ओलंपियन विजेंद्र सिंह, विधायक संदीप सहरावत, प्रद्युमन राजपूत और जिला अध्यक्ष रमेश शोखंदा समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।
नई दिल्ली और करोलबाग विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सांसद एवं प्रदेश मंत्री बांसुरी स्वराज ने किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य अभियान नहीं, बल्कि यह देश की आत्मरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान को पुनः स्थापित करने का संकल्प है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर में आयोजित यात्रा के दौरान कहा कि ये तिरंगा यात्राएं शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ पूरे देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संदेश देती हैं।
ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय ने कहा कि यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर में बहादुर जवानों की वीरता और पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता की मिसाल है। उत्तर पश्चिम जिले में प्रदेश महामंत्री और सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा। मटियाला और द्वारका विधानसभा क्षेत्रों से सांसद कमलजीत सहरावत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी गोलीबारी को अब सीधे आतंकवादी हमला माना जाएगा और भारत उसे कड़ा जवाब देगा।