ऑपरेशन सिंदूर: अलीगढ़ में पांचजन्य के संपादक का बड़ा बयान- अशोक वाटिका उजाड़ी, लंका दहन अभी बाकी

पांचजन्य पत्रिका के संपादक हितेश शंकर ने कहा कि पाकिस्तान धीरे-धीरे विखंडन की ओर बढ़ रहा है, जिसका मुख्य कारण वहां जारी आजादी का आंदोलन और विद्रोह है। उन्होंने बताया कि पीओजेके और बलूचिस्तान पाकिस्तान से अलग होने की स्थिति में हैं, जबकि गिलगित पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है। ये विचार उन्होंने महर्षि नारद जयंती पर आयोजित व्याख्यानमाला में व्यक्त किए, जिसका आयोजन विश्व संवाद केंद्र ने आगरा रोड स्थित गेस्ट हाउस में किया।

ऑपरेशन सिंदूर: भारत की कूटनीतिक और सैन्य सफलता

हितेश शंकर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने दोषियों पर सटीक प्रहार करते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि हमारा उद्देश्य निरीह जनता को नुकसान पहुंचाना नहीं था, जैसा कि गाजा या यूक्रेन में देखा गया। भारत ने पूरी मर्यादा का पालन करते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के मनोबल को कमजोर करते हुए उनके एयरबेस को नष्ट कर दिया, जो उनकी सैन्य शक्ति का प्रमुख केंद्र था। इसके अलावा, प्रोपेगेंडा वार में भी भारत ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया।

वैश्विक समर्थन और पाकिस्तान की स्वीकृति

हितेश शंकर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की और चीन को छोड़कर दुनिया के अधिकांश देश भारत के पक्ष में खड़े थे। पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार और चैनलों ने भी हार स्वीकार की है। यहां तक कि पाक संसद में भी सत्ता के खिलाफ खुला विरोध देखने को मिला। उन्होंने पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की दयनीय स्थिति पर भी चिंता जताई।

आंतरिक मोर्चे पर सतर्कता की जरूरत

उन्होंने कहा कि देश के भीतर का मोर्चा जनता को ही संभालना होगा। सोशल मीडिया पर चल रहे फेक नैरेटिव के खिलाफ जागरूकता जरूरी है। चीन और पाकिस्तान के एजेंडे को बढ़ावा देने वाले कई यूट्यूब चैनल और एक्स पर फेक जानकारी फैला रहे हैं। ऐसे में जनता को सतर्क रहकर इन भ्रामक तथ्यों का सही जवाब देना चाहिए।

कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

व्याख्यानमाला में मंडलायुक्त संगीता सिंह मुख्य अतिथि थीं, जबकि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. केके वार्ष्णेय ने की। संचालन राजनारायण सिंह ने किया। इस मौके पर कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here