समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में जारी बिजली संकट को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि आम जनता भीषण गर्मी और अनियंत्रित बिजली कटौती से परेशान है, लेकिन सरकार इसे नजरअंदाज कर रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से ऊर्जा क्षेत्र की हालत बद से बदतर होती गई है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में एक भी नया पावर प्लांट शुरू नहीं किया गया। आज जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई परियोजनाओं की वजह से है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 24 घंटे निर्बाध बिजली देने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि बड़े शहरों को भी पूरी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों की स्थिति और भी दयनीय है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार कागजों पर ही बिजली आपूर्ति का रोस्टर दिखा रही है, जबकि ज़मीनी हकीकत अलग है। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा सरकार अब बिजली आपूर्ति का जिम्मा निजी कंपनियों को सौंपने की दिशा में बढ़ रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नाकामी और उदासीनता का खामियाजा अब जनता को भुगतना पड़ रहा है।