गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित वीरता पुरस्कारों का पहला चरण आज शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सेना और केंद्रीय सशस्त्र बलों के बहादुर जवानों को सम्मानित करेंगी। समारोह में कई गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे।
इस वर्ष कुल 93 सैनिकों को गैलेंट्री अवॉर्ड्स से नवाजा जा रहा है, जिनमें 11 को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। इनमें 2 कीर्ति चक्र (एक मरणोपरांत), 14 शौर्य चक्र (तीन मरणोपरांत), 1 बार टू सेना मेडल (वीरता), 66 सेना मेडल (7 मरणोपरांत), 2 नौसेना मेडल (वीरता), और 8 वायुसेना मेडल (वीरता) शामिल हैं।
कीर्ति चक्र से सम्मानित होंगे ये बहादुर
भारत का दूसरा सर्वोच्च वीरता सम्मान ‘कीर्ति चक्र’ इस बार मेजर मंजीत (22 राष्ट्रीय राइफल्स) और नायक दिलावर खान (28 राष्ट्रीय राइफल्स) को दिया जाएगा। मेजर मंजीत को जम्मू-कश्मीर के सोपोर क्षेत्र में आतंकियों के खात्मे में अदम्य साहस दिखाने के लिए यह सम्मान मिलेगा, जबकि नायक दिलावर खान को कुपवाड़ा के अभियान में शहादत देने के लिए मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा।
शौर्य चक्र से 14 जवान होंगे सम्मानित
देश के तीसरे सबसे बड़े वीरता पुरस्कार ‘शौर्य चक्र’ से इस बार सेना, वायुसेना, सीआरपीएफ और बीआरडीबी के 14 जांबाज़ जवानों को नवाजा जाएगा। इनमें शामिल हैं:
- मेजर आशीष दहिया (50 RR)
- मेजर कुणाल
- मेजर सतेंद्र धनकड़
- कैप्टन दीपक सिंह (मरणोपरांत)
- एशेनथोंग कीकोन
- सूबेदार विकास तोमर
- सूबेदार मोहन राम
- हवलदार रोहित कुमार (मरणोपरांत)
- हवलदार प्रकाश तमांग
- फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह हंस
- CPL संजय डाभी
- विजयन कुट्टी (बीआरडीबी)
- विक्रांत कुमार (सीआरपीएफ)
- जैफरी हमिंगचुलो (सीआरपीएफ)
सेना, नौसेना और वायुसेना को अन्य वीरता सम्मान
इसके अतिरिक्त, भारतीय सेना को 66 सेना मेडल, नौसेना को 2 नौसेना मेडल और वायुसेना को 8 वीरता पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं ‘बार टू सेना मेडल’ का एक सम्मान भी इस बार प्रदान किया जाएगा।