मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. सामेंद्र तोमर ने सरकार की उपलब्धियों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई घटना के बाद केंद्र सरकार के ऑपरेशन सिंदूर ने देशवासियों को एकजुट करते हुए सुरक्षा का भरोसा दिलाया है और इससे सरकार के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
डॉ. तोमर ने कहा कि देश में सड़कों के विकास से लोगों को कई नई सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुजफ्फरनगर जैसे जिले में पहले नेताओं के संरक्षण में संगठित अपराध का बोलबाला था, जो अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
पत्रकार वार्ता में डॉ. तोमर ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने विकास के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी चुनौती से भारत सरकार की रणनीति के कारण सफलतापूर्वक बाहर निकला है, और भारत ने वैज्ञानिक उपलब्धियों के जरिए अन्य देशों की भी मदद की है।
उन्होंने कहा कि देश में बने सड़क नेटवर्क ने आर्थिक विकास को गति दी है और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधार हुए हैं। मुजफ्फरनगर को पहले ‘क्राइम कैपिटल’ कहा जाता था, लेकिन अब यहां संगठित अपराध पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
डॉ. तोमर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का वादा किया था, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि गरीब तबका खुद धीरे-धीरे खत्म हो रहा है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और पूर्व विधायक प्रमोद उंटवाल भी मौजूद थे।