गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को गहरा सदमा पहुंचाया है। इस दुर्घटना में कई परिवार उजड़ गए और अनगिनत उम्मीदें टूट गईं। उन यात्रियों में से एक थीं राजस्थान के बालोतरा जिले की खुशबू, जो अपने डॉक्टर पति से मिलने पहली बार लंदन जा रही थीं। परिवार ने उन्हें खुशी-खुशी विदाई दी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद खुशबू की दुनिया हमेशा के लिए बुझ गई।
जानकारी के अनुसार, खुशबू कंवर, जो बालोतरा के अराबा गांव में रहती थीं, का विवाह 18 जनवरी 2025 को विपुल सिंह राजपुरोहित से हुआ था। विपुल लंदन में डॉक्टर हैं। शादी के बाद वे कुछ दिन में लंदन लौट गए थे, लेकिन खुशबू वीजा संबंधी कारणों से वहां नहीं जा पाईं। कुछ समय तक वह अपनी ससुराल में रहीं और फिर मायके आ गईं।
वीजा मिलने के बाद खुशबू ने अपने पति से मिलने लंदन जाने की योजना बनाई। बुधवार को उनके पिता मदनसिंह राजपुरोहित और चचेरा भाई उनके साथ अहमदाबाद के लिए निकले। गुरुवार को उन्होंने खुशबू को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर छोड़ा। एयरपोर्ट के बाहर पिता ने बेटी के साथ तस्वीर भी खिंचवाई, जो अब उनकी आखिरी याद बन गई। बाद में जब परिवार को विमान हादसे की खबर मिली, तो वे टूट गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खुशबू अपने परिवार से भावुक विदाई लेती दिख रही हैं। यह उनका शादी के बाद पति से मिलने का पहला सफर था। परिवार की महिलाएं पारंपरिक अंदाज में उन्हें विदा कर रही थीं। वीडियो में खुशबू अपने पिता और भाई के साथ कार में बैठकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो रही हैं और अपने परिवारजनों से गले लगती नजर आ रही हैं।
खुशबू के पिता मदनसिंह ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर बेटी के साथ आखिरी तस्वीर साझा की है, जिसमें उन्होंने लिखा है, “खुशबू बेटा Going To London”। यह तस्वीर और संदेश अब परिवार के लिए एक अनमोल स्मृति बन गया है।