गुरुवार को गूगल क्लाउड में आई गंभीर तकनीकी खामी की वजह से दुनियाभर के लाखों यूज़र्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस गड़बड़ी के चलते स्पॉटिफाई, डिस्कॉर्ड, स्नैपचैट, ट्विच, शॉपिफाई और एंथ्रोपिक जैसी नामचीन डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हो गईं। साथ ही गूगल की अपनी सेवाएं—जैसे जीमेल, गूगल मीट, यूट्यूब और गूगल सर्च—भी कुछ समय के लिए बंद रहीं।
गूगल क्लाउड की स्टेटस साइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यह समस्या “आइडेंटिटी एंड एक्सेस मैनेजमेंट” सेवा में आई गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई। कंपनी के अनुसार, उनके तकनीकी विशेषज्ञ समाधान में जुटे हैं और कई स्थानों पर सेवाएं आंशिक रूप से बहाल भी हो चुकी हैं, हालांकि अभी भी कुछ क्षेत्रों में असर बना हुआ है।
गूगल ने दिक्कत की पहचान कर सुधार कार्य किया शुरू
लगातार आ रही उपयोगकर्ता शिकायतों के बीच गूगल ने बयान जारी कर बताया कि समस्या की जड़ को पहचान लिया गया है और सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका के ‘यूएस-सेंट्रल1’ क्षेत्र को छोड़कर अन्य लोकेशनों में सेवाएं लगभग सामान्य हो चुकी हैं। हालांकि, अभी भी कुछ उपयोगकर्ता विभिन्न सेवाओं में अड़चन का अनुभव कर रहे हैं।
कई महत्वपूर्ण क्लाउड सेवाएं हुईं प्रभावित
गूगल क्लाउड के अनुसार, इस तकनीकी खराबी से कई उत्पादों की सेवाएं बाधित हुईं जिनमें एजेंट असिस्ट, क्लाउड फायरस्टोर, ऐप इंजन, बिगक्वेरी, क्लाउड स्टोरेज, डायलॉगफ्लो, टेक्स्ट-टू-स्पीच, स्पीच-टू-टेक्स्ट और वर्टेक्स एआई सर्च शामिल हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सभी सेवाएं कब तक पूरी तरह सामान्य हो सकेंगी।
स्पॉटिफाई पर 44 हजार से अधिक शिकायतें
डाउनडिटेक्टर वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार दोपहर करीब 2:46 बजे स्पॉटिफाई को लेकर 44,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। गूगल क्लाउड के लिए 10,000 से अधिक, जबकि गूगल मीट और गूगल सर्च के लिए 4,000 से ज्यादा यूज़र्स ने समस्याएं बताईं। डिस्कॉर्ड को लेकर भी 8,000 से अधिक रिपोर्ट्स सामने आईं।
क्लाउडफ्लेयर ने दी पुष्टि, गड़बड़ी गूगल क्लाउड में
इधर, क्लाउडफ्लेयर ने भी गुरुवार को आउटेज की पुष्टि की, लेकिन कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि उनकी सेवाएं सामान्य रूप से कार्य कर रही थीं और यह समस्या पूरी तरह से गूगल क्लाउड के अंतर्गत आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई।