देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। ओमिक्रोन के बाद अब JN-1 नामक नया वेरिएंट सामने आया है, जिसने संक्रमण के मामलों में तेज़ इजाफा किया है। केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने लोगों से मास्क पहनने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, देश में फिलहाल कोरोना के 7,131 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 10,976 लोग संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक कुल 78 लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को केरल और पश्चिम बंगाल में दो मौतें दर्ज की गईं।
केरल में हालात गंभीर
केरल में कोरोना की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। राज्य में न केवल संक्रमण के सक्रिय मामलों में वृद्धि हो रही है, बल्कि मृतकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में यहां 2,055 एक्टिव केस हैं, जबकि 3,736 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कोरोना से 20 लोगों की जान जा चुकी है। केरल में प्रतिदिन 100 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं।
गुजरात में भी संक्रमण का प्रभाव
गुजरात कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में केरल के बाद दूसरे स्थान पर है। राज्य में फिलहाल 1,358 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 1,015 लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक राज्य में संक्रमण के कारण दो लोगों की मृत्यु हो चुकी है। यहां रोज़ाना 70 से अधिक नए मामले दर्ज हो रहे हैं।
अरुणाचल और त्रिपुरा में राहत
अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में फिलहाल कोरोना का कोई सक्रिय मामला नहीं है। अरुणाचल में अब तक तीन मामले सामने आए थे, जिनमें सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं त्रिपुरा में एकमात्र संक्रमित व्यक्ति की भी रिकवरी हो चुकी है।
अन्य राज्यों की स्थिति
अन्य राज्यों की बात करें तो दिल्ली में 714 एक्टिव केस हैं और 1,748 लोगों की रिकवरी हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में 747, उत्तर प्रदेश में 251, महाराष्ट्र में 629 और कर्नाटक में 395 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं।
पंजाब सरकार ने जारी की चेतावनी
पंजाब में अब तक 29 सक्रिय मामले सामने आए हैं। राज्य सरकार ने संक्रमण की बढ़ती आशंका को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। साथ ही खांसी या बुखार जैसे लक्षणों पर लोगों को घर पर ही रहने और दूसरों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।