अब 15 जुलाई को होगा राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, कांग्रेस के शीर्ष नेता रहेंगे शामिल

राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि शिमला के रिज मैदान पर स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 23 जून के बजाय 15 जुलाई को किया जाएगा। यह निर्णय कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की सलाह पर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई केंद्रीय नेता कार्यक्रम में भाग लेना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बातचीत कर तिथि में बदलाव का निर्णय लिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।

प्रतिमा शिमला पहुंची, समारोह में विपक्ष भी होगा आमंत्रित

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि वीरभद्र सिंह न सिर्फ हिमाचल बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी सम्मानित नेता रहे हैं। उनकी प्रतिमा अब शिमला पहुंच चुकी है और इसका अनावरण 15 जुलाई को केंद्रीय नेताओं की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सभी मंत्री, विधायक और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि विपक्षी दलों के नेताओं को भी व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण दिया गया है और उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई है।

दिल्ली में शीर्ष नेताओं से की मुलाकात

पीटरहॉफ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हाल ही में वह दिल्ली जाकर कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं को आमंत्रित करने गए थे। चूंकि 23 जून को सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते दिल्ली से बाहर रहेंगी, ऐसे में उनकी सहूलियत के अनुसार कार्यक्रम की तिथि 15 जुलाई तय की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले फाउंडेशन की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई है, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके।

24 जून को रामपुर में होगा पुण्यतिथि कार्यक्रम

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि 24 जून को उनके पैतृक निवास रामपुर बुशहर में राजा वीरभद्र सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि पर विशेष कार्यक्रम होगा, जिसके लिए प्रदेशवासियों को आमंत्रित किया गया है।

हेलीकॉप्टर हादसे पर जताई चिंता

उत्तराखंड में हाल में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश में विमानन सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है। अहमदाबाद और उत्तराखंड में हुई हालिया घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि विमानन क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में डीजीसीए की भूमिका अहम है और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here