बिहार के चर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्या मामले में पटना पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अशोक साव को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर इस हत्याकांड की साजिश रचने और सुपारी देने का आरोप है। वह नालंदा जिले का निवासी है। पुलिस ने उसे एक विशेष छापेमारी अभियान के तहत हिरासत में लिया और अब उससे पूछताछ जारी है।
पूछताछ में मिले अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, इससे पहले पकड़े गए शूटर विजय सहनी से पूछताछ के दौरान अशोक साव की भूमिका उजागर हुई थी। विजय सहनी को हाल ही में पटना सिटी क्षेत्र से पकड़ा गया था। पूछताछ में पता चला कि अशोक साव ने कारोबारी दुश्मनी के चलते गोपाल खेमका की हत्या की साजिश रची थी।
कारोबारी विवाद बना हत्या की वजह
सूत्रों की मानें तो अशोक साव निर्माण व्यवसाय से जुड़ा हुआ है और उसका गोपाल खेमका से व्यवसायिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने 10 लाख रुपये की सुपारी देकर पेशेवर शूटरों को हत्या के लिए लगाया। इसके बाद खेमका की हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।
पुलिस एनकाउंटर में मारा गया विकास, परिवार ने जताई नाराज़गी
हत्याकांड में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी विकास उर्फ राजा को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। हालांकि, विकास के परिजन उसे निर्दोष बता रहे हैं। उनका कहना है कि वह चेन्नई में कार्यरत था और इस घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं था। विकास की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गलत पहचान के आधार पर उनके बेटे को निशाना बनाया है। परिवार में इस घटना के बाद गहरा शोक और आक्रोश है।
Read News: बस स्टैंड पर जूस विक्रेता के कर्मचारी पर हमला, केस दर्ज