इंदौर-रायपुर इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी, आपात लैंडिंग से बची यात्रियों की जान

इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-7295, ATR) को मंगलवार सुबह तकनीकी समस्या के चलते देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। यह घटना उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद सामने आई।

जानकारी के अनुसार, विमान ने सुबह 6:30 बजे उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद कॉकपिट में तकनीकी चेतावनी (फॉल्स अलार्म) के संकेत मिलने लगे, जिसके बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को वापस इंदौर लौटाने का निर्णय लिया।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सभी सुरक्षित

करीब 7:15 बजे फ्लाइट को सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। लैंडिंग के दौरान विमान में मौजूद यात्री घबरा गए थे, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद उड़ान को रद्द कर दिया गया। यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा लौटाने या नई तारीख पर यात्रा पुनर्निर्धारित करने के विकल्प उपलब्ध कराए गए।

तकनीकी जांच जारी, एयरलाइंस ने बढ़ाई सतर्कता

फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे के बाद एयरलाइंस कंपनियां किसी भी तकनीकी खराबी को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here