दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मिडिल क्लास को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में भाजपा शासित केंद्र सरकार ने दिल्लीवासियों को बिजली कटौती, स्कूल फीस वृद्धि और अब पुराने वाहनों पर रोक जैसी समस्याओं में घेर दिया है।
आतिशी ने कहा कि मिडिल क्लास परिवारों के लिए एक गाड़ी खरीदना सपने के समान होता है, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए, जो अपनी सुरक्षा के लिए निजी वाहन लेना पसंद करते हैं क्योंकि सार्वजनिक परिवहन में उन्हें सुरक्षित महसूस नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि सेकेंड हैंड वाहन खरीदने वालों की संख्या बड़ी है, लेकिन भाजपा ने बिना किसी तकनीकी जांच के केवल वाहन की उम्र के आधार पर उन्हें बैन कर दिया, जो असंवेदनशील निर्णय है।
स्क्रैप डीलरों से मिलीभगत का आरोप
आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने स्क्रैप डीलरों के साथ सांठगांठ कर करीब 62 लाख वाहन मालिकों को नई गाड़ियां खरीदने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अब खुद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण संस्था (CAQM) को पत्र लिख रहे हैं, जबकि दिल्ली सरकार, नगर निगम और केंद्र- तीनों में भाजपा की ही सत्ता है। यह सब केवल दिखावे के लिए है, ताकि लोगों को लगे कि सरकार कुछ कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट का हवाला देने पर सवाल
आतिशी ने भाजपा द्वारा सुप्रीम कोर्ट में जाने की बात पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के विरुद्ध भाजपा ने पहले अध्यादेश लाया था, तब अब वह कोर्ट का हवाला क्यों दे रही है? उन्होंने यह मांग की कि भाजपा सरकार को तुरंत कोई विधायी रास्ता निकालना चाहिए—चाहे वह अध्यादेश हो या विशेष सत्र—ताकि पुराने वाहन रखने वालों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर कानून आएगा, तो सुप्रीम कोर्ट भी उसी के अनुसार निर्णय ले सकेगा।
जल बोर्ड और पेंशन घोटाले पर भी साधा निशाना
भाजपा की चार स्तरीय सरकार पर टिप्पणी करते हुए आतिशी ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड को फैसले लेने की जो शक्ति दी गई थी, उसे दो साल पहले छीन लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद केजरीवाल सरकार ने काम करके दिखाया, जबकि भाजपा की कई स्तरों की सरकार दिल्ली की जनता के लिए कुछ नहीं कर पा रही।
विधवा पेंशन से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर बोलते हुए आतिशी ने कहा कि भाजपा ने पहले ही 25,000 विधवाओं की पेंशन बंद कर दी है और अब 60,000 और महिलाओं की पेंशन रोकने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों की विरोधी है और बहाने बनाकर जरूरतमंदों से उनका हक छीना जा रहा है।