मेरठ में एग्रीटेक इनोवेशन हब का शुभारंभ, धर्मेंद्र प्रधान बोले– अब खेतों में उतरेगा एआई

मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश के पहले एग्रीटेक इनोवेशन हब का उद्घाटन हुआ। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इसका लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देश के किसान अब डिजिटल युग में कदम रख रहे हैं। आईआईटी रोपड़ द्वारा विकसित इस हब के माध्यम से खेतों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे किसानों को फसल सुरक्षा, उर्वरक उपयोग और कीटनाशकों की जानकारी समय पर मिल सकेगी।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उत्तर प्रदेश खेती प्रधान राज्य है, जहां गन्ना और आलू जैसी फसलों की खेती बड़े पैमाने पर होती है। उन्होंने बताया कि अब गन्ना, चावल, गेहूं, आलू और पराली से एथनॉल निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2014 में 250 करोड़ रुपये की एथनॉल खरीदी जाती थी, जो अब बढ़कर 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों से केवल वादे किए, जबकि मोदी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि असली श्रद्धांजलि सरदार पटेल और चौधरी चरण सिंह को तभी होगी जब देश का किसान आर्थिक रूप से सशक्त होगा।

रालोद अध्यक्ष व केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि आईआईटी रोपड़ की तकनीक अब प्रयोगशालाओं से निकलकर खेतों तक पहुंच रही है। किसान समूह बनाकर खुद को बाजार से जोड़ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गन्ने की 238 प्रजातियों में आई बीमारी को लेकर सतर्कता जरूरी है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि किसानों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से जलवायु, वर्षा और कीट नियंत्रण जैसी अहम जानकारियां मिल सकेंगी। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. के.के. सिंह ने बताया कि यह तकनीकी सहयोग भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

IIT रोपड़ ने दी खेतों में काम आने वाली नई तकनीक

कार्यक्रम के दौरान IIT रोपड़ के निदेशक डॉ. राजीव आहूजा ने किसान नेता सुनील रोहटा को सॉइल टेस्टिंग डिवाइस और अन्य तकनीकी उपकरण प्रदान किए। इसके माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मंत्रीगणों को प्रतीक स्वरूप हल भेंट कर सम्मानित किया।

डॉ. आहूजा ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि क्षेत्र की प्रगति से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद मिल रही है। एग्री स्टार्टअप्स का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है और युवा इस क्षेत्र की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद आम की दावत

समारोह के उपरांत मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जयंत चौधरी, सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि पावली के एक आम के बाग में पहुंचे जहां सभी ने आम महोत्सव की तर्ज पर आयोजित आम भोज का आनंद लिया। कृषि विवि की आम की किस्मों की लखनऊ महोत्सव में सराहना भी की गई थी।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर एमएलसी अश्वनी त्यागी, विवेक रस्तोगी, मोहित बेनीवाल, विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, सांसद चंदन चौहान, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, प्रो. संगीता शुक्ला, रालोद नेता सुनील रोहटा, मतलूब गौड़, अजय भारद्वाज, मनीषा अहलावत समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि व किसान नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here