लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक धरोहरों को नष्ट करने पर तुली है। उन्होंने कहा कि वृंदावन में कॉरिडोर निर्माण के नाम पर ज़मीनों की हेराफेरी हो रही है, जिससे आम लोग बेघर हो रहे हैं और चंद लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वृंदावन की संकरी गलियां आस्था और संस्कृति की प्रतीक हैं। राधा-कृष्ण की हजारों लीलाओं से जुड़ी इन कुंज गलियों का ऐतिहासिक स्वरूप बचाया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि यदि सिर्फ चौड़ी सड़कों से भीड़ नियंत्रित हो सकती, तो कुंभ जैसे आयोजनों में भगदड़ क्यों होती?
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा को उन देशों से सीख लेनी चाहिए, जिन्होंने विकास करते हुए अपनी परंपराओं और धरोहरों को भी सहेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे अयोध्या और वाराणसी में ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया, वैसा ही अब वृंदावन में भी दोहराया जा रहा है।
अखिलेश ने यह भी घोषणा की कि यदि राज्य में सपा की सरकार बनती है, तो कॉरिडोर निर्माण, जमीन अधिग्रहण और मुआवज़ा वितरण से जुड़े हर मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब कांवड़ यात्रा पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा सकते हैं, तो भाजपा सरकार ने अब तक कांवड़ियों के लिए समर्पित कॉरिडोर क्यों नहीं बनाया।
उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर कांवड़ यात्रा के लिए अलग से कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद वीरपाल यादव और फूलन देवी की बहन रुकमणी देवी भी मौजूद रहीं।