देशभर में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, कई राज्यों में बाढ़ का संकट गहराया

देश के कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। मध्य प्रदेश, असम और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही का दौर थमा नहीं है और सात जिलों में अगले 24 घंटों में फ्लैश फ्लड की आशंका बनी हुई है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी बारिश के चलते कोलकाता समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। वर्षा और भूस्खलन के कारण 225 सड़कों पर यातायात ठप है, जिनमें मंडी जिले की 153 सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसके अलावा, 163 ट्रांसफार्मर और 174 जल योजनाएं भी बाधित हैं। 1 जून से 8 जुलाई तक राज्य में औसत से कहीं अधिक 203.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जिसमें वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 52 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

सतलुज का जलस्तर बढ़ा, फिरोजपुर के गांव बाढ़ की चपेट में

उत्तर भारत में लगातार हो रही वर्षा से सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे पंजाब के फिरोजपुर जिले के कालू वाला क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बन गई है। राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान सामान्य से करीब 2.1 डिग्री तक गिरा है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

जम्मू संभाग में भारी बारिश की चेतावनी, बादल फटने की आशंका

जम्मू क्षेत्र में सक्रिय मानसून के चलते कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में 100 से 200 मिमी तक वर्षा होने की संभावना जताई है, जिससे बादल फटने की स्थिति बन सकती है।

हिमाचल के चुराह में बादल फटा, फसलें तबाह

चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में मंगलवार सुबह फिर से बादल फटने की घटना सामने आई है, जिससे मक्के की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है और नकरोड़-थल्ली मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं, करसोग में 30 जून को आई बाढ़ में लापता व्यक्ति का शव सतलुज नदी से बरामद किया गया। मंडी जिले में आपदा से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। खराब मौसम के कारण गगल एयरपोर्ट से दिल्ली की उड़ानें भी रद्द की गईं।

धनसिरी, नर्मदा, वैनगंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, असम की धनसिरी, मध्य प्रदेश की नर्मदा और महाराष्ट्र की वैनगंगा नदी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलस्तर में गिरावट देखी गई है। असम, बिहार, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नदियों का पानी निचले इलाकों में फैल चुका है। आयोग ने 35 प्रमुख बांधों और बैराजों को लेकर चेतावनी जारी की है, जिनका जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया है।

मध्य प्रदेश में बारिश से हादसा, दीवार गिरने से महिला की मौत

छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम के पास होम स्टे की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा मंगलवार सुबह हुआ और घायलों में तीन की हालत गंभीर है। सभी पीड़ित यूपी के मिर्जापुर और शाहजहांपुर से दर्शन के लिए आए थे।

10 से 14 जुलाई तक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण गुजरात में बने एक चक्रवाती परिसंचरण और अन्य मौसमी प्रणालियों के चलते देश के कई हिस्सों में 10 से 14 जुलाई के बीच भारी वर्षा हो सकती है। हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here