बिहार के भोजपुर जिले में कांग्रेस की एक संगठनात्मक बैठक के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पार्टी कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बात बहस से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए और कुछ के सिर फटने की भी खबर है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
विवाद के बीच स्वागत समारोह में बदला माहौल
घटना भोजपुर जिला कांग्रेस कार्यालय की है, जहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी तथा छत्तीसगढ़ के भिलाई से विधायक देवेंद्र यादव के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जैसे ही देवेंद्र यादव वहां पहुंचे, नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया गया। इसी बीच किसी बात को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कई घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान कुछ लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। लात-घूंसे, धक्का-मुक्की और पत्थरबाजी तक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। हालांकि अन्य पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम को किसी तरह आगे बढ़ाया गया।
विधायक देवेंद्र यादव ने जताई नाराजगी
हंगामे के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि मारपीट में शामिल लोग कांग्रेस कार्यकर्ता थे या बाहर से आए उपद्रवी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और प्रशासन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि अगर आज कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है, तो कल कोई भी निशाना बन सकता है। उन्होंने नीतीश सरकार और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और उनके समर्थकों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।