नासिक। देश में मानसून की आमद के साथ ही दुर्घटनाओं की संख्या में इज़ाफा हो रहा है। गुरुवार को महाराष्ट्र के इगतपुरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां एक भारी सीमेंट कंटेनर सड़क पर चल रही एक इको कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार चार श्रद्धालुओं की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
यह हादसा इगतपुरी के नजदीक मुंढेगांव फाटे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद भारी कंटेनर ने इको गाड़ी को बुरी तरह कुचल दिया और वाहन कई मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। कार में सवार दो महिलाएं और दो पुरुष, जो रामदास बाबा मठ में गुरुपूर्णिमा दर्शन के लिए आए थे, हादसे का शिकार हो गए। सभी मृतक मुंबई के अंधेरी (चार बंगला) इलाके के निवासी थे।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दत्ता आम्रे, नित्यानंद सावंत, विद्या सावंत और मीना सावंत के रूप में हुई है। ये सभी दर्शन के बाद मुंबई लौट रहे थे।
रेस्क्यू में लगी क्रेन, ट्रैफिक रहा बाधित
घटना की सूचना मिलते ही घोटी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट और टोल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाकर कार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी श्रद्धालुओं की मृत्यु हो चुकी थी। दुर्घटना के कारण नासिक-मुंबई हाईवे पर घंटों लंबा जाम लगा रहा जिसे बाद में नियंत्रित किया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि नासिक-मुंबई हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतज़ाम कड़े करने की मांग की है।
कार की हालत देखकर अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना कितनी भयावह थी—गाड़ी पूरी तरह से पिचक चुकी थी और अंदर बैठे लोगों के बचने की कोई संभावना नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।