झमाझम बारिश से दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना, कई इलाकों में जलभराव

दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने अब असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक रुक-रुक कर होती रही। आज भी नोएडा, फरीदाबाद सहित दिल्ली के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम 5:30 बजे से गुरुवार शाम 5:30 बजे तक राजधानी में 37.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री कम होकर 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मानसून की रफ्तार और बारिश के आंकड़े
इस वर्ष मानसून 29 जून को दिल्ली समेत पूरे देश में सक्रिय हुआ था, हालांकि राजधानी में इसकी शुरुआत सामान्य समय से दो दिन देर से हुई। जुलाई में सामान्य रूप से 209.7 मिमी बारिश होती है। पिछले वर्ष इसी महीने में 203.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

16 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 16 जुलाई तक दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सप्ताहांत तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि संभव है, वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

नोएडा में जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी
गौतमबुद्ध नगर में गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे बारिश शुरू हुई, जिससे उमस से तो राहत मिली, लेकिन जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई मुख्य सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कार्यालय जाने वालों को एक से डेढ़ घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। मेट्रो पिलर, फुटओवर ब्रिज और अन्य स्थानों पर लोग बारिश से बचने के लिए रुके, जिससे यातायात बाधित हुआ।

दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर कई स्थानों पर पानी भर गया। सर्फाबाद गांव की सड़कों पर भी घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे आमजन को काफी परेशानी हुई। चिल्ला बॉर्डर और महामाया फ्लाईओवर के दोनों ओर पानी भरने से जाम की स्थिति बन गई। शहर के विभिन्न सेक्टरों में जलभराव के कारण वाहन धीरे-धीरे चलते रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here