पंजाब में गुरु पूर्णिमा के सत्संग से लौट रही एक निजी बस शुक्रवार तड़के हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नम्होल क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा करीब रात तीन बजे हुआ, जिसमें 26 यात्री घायल हो गए। घायल अधिकांश सोलन जिले के दाड़लाघाट क्षेत्र से संबंधित हैं। सभी घायलों का इलाज एम्स बिलासपुर और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है।
बस में कुल 36 लोग सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहायता की। घायलों को एंबुलेंस के ज़रिए अस्पतालों में पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। बरमाणा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोलन में स्कूल वैन ढांक में गिरी, दो घायल
इसी दिन सोलन-राजगढ़ मार्ग पर नौणी विश्वविद्यालय के पास एक स्कूल वैन सड़क से फिसलकर लगभग 70 मीटर नीचे ढांक में जा गिरी। वैन में उस समय केवल दो लोग मौजूद थे, जिन्हें गंभीर चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, वैन स्कूल का सामान लेने सोलन जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहत दल ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से वैन को बाहर निकाला। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय वैन में कोई बच्चा सवार नहीं था, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।