भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, जो Axiom-04 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर गए थे, अब पृथ्वी पर लौटने की तैयारी में हैं। इसरो ने शनिवार को उनके लौटने की पुष्टि की है।
14 जुलाई को होगी वापसी की शुरुआत
इसरो ने बताया कि शुभांशु और उनके तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री साथियों की पृथ्वी पर वापसी 14 जुलाई को शुरू होगी। सभी अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से ISS से अनडॉक करेंगे और 15 जुलाई को अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के समीप समुद्री तट पर उतरेंगे। यह वापसी भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है।
रचा गया एक नया कीर्तिमान
शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय नागरिक बन गए हैं। इसके साथ ही वह विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। उनका यह अभियान 14 दिनों का था, जिसमें उन्होंने वैज्ञानिक शोध और तकनीकी प्रयोगों को अंजाम दिया।
वापसी से पहले शुरू होंगी तैयारियां
रविवार से सभी अंतरिक्ष यात्री अपने अनुसंधान कार्यों से जुड़े सैंपल और उपकरणों की पैकिंग शुरू करेंगे। लौटने की प्रक्रिया फ्लाइट सर्जन की निगरानी में होगी, ताकि किसी प्रकार की स्वास्थ्य जटिलता से बचा जा सके। पूरे देश को शुभांशु की सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार है।