कई बार रिश्तों में संदेह इतना गहरा हो जाता है कि वह भयावह रूप ले लेता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है कन्नड़ टेलीविज़न इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री मंजुला श्रुति के साथ, जिन पर उनके पति ने जानलेवा हमला कर दिया। टीवी सीरियल अमृतधारे से लोकप्रियता हासिल करने वाली श्रुति पर पति अमरेश ने चाकू से कई बार वार किए। इस हमले के बाद अभिनेत्री को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं आरोपी पति पुलिस हिरासत में है।
श्रुति ने अमृतधारे समेत कई धारावाहिकों में अभिनय किया है और कन्नड़ टीवी की जानी-मानी कलाकार हैं। निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने लंबे समय तक डेटिंग के बाद अमरेश से विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके रिश्तों में तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि अमरेश को पत्नी पर लगातार शक रहता था, जिससे झगड़े होते रहते थे।
सूत्रों के अनुसार, संदेह और आर्थिक विवादों के चलते श्रुति कुछ महीने पहले अपने पति से अलग होकर भाई के साथ रहने लगी थीं। इस दौरान उन्होंने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। हालांकि, बाद में दोनों ने सुलह कर एक बार फिर साथ रहने का निर्णय लिया।
हमला उस समय हुआ जब दोनों एक-दूसरे को फिर से मौका देने की कोशिश कर रहे थे। 4 जुलाई को अमरेश ने पहले श्रुति की आंखों में मिर्च स्प्रे किया, फिर पेट, पसलियों, जांघ और गले पर चाकू से वार किया। हमले के तुरंत बाद उन्हें विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने अमरेश को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच चल रही है।