हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया की थार कार पर सोमवार देर शाम अज्ञात लोगों द्वारा फायरिंग की गई। यह घटना गुरुग्राम की साउथ पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर उस समय घटी, जब कुछ अज्ञात हमलावर कार से आए और उन्होंने फाजिलपुरिया की कार को निशाना बनाया। हालांकि, इस हमले में राहुल फाजिलपुरिया सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है।
हमलावरों की पहचान नहीं
अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि हमला किसने किया और इसके पीछे की मंशा क्या थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान और हमले की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
राजनीति में भी हाथ आजमा चुके हैं फाजिलपुरिया
उल्लेखनीय है कि राहुल फाजिलपुरिया ने 2024 के लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम सीट से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में भाजपा से राव इंद्रजीत सिंह और कांग्रेस से अभिनेता राज बब्बर मैदान में थे। चुनाव में विजय राव इंद्रजीत के पक्ष में गई थी, जबकि फाजिलपुरिया को हार का सामना करना पड़ा।
पुलिस का क्या कहना है?
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने जानकारी दी कि साउथ पेरिफेरल रोड पर गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के घायल होने या वाहन को क्षति पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है। अपराध स्थल पर क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम को जांच के लिए भेजा गया है, और सभी संभावित कोणों से मामले की पड़ताल की जा रही है।