बीते 11 सालों में भारत ने हर क्षेत्र में रचा विकास का इतिहास: गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत विकास परिषद के 63वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और यह युग इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने विकास के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को भी समान रूप से महत्व दिया है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 55 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खोले गए, 15 करोड़ से ज्यादा लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिली और 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए।

राम मंदिर से लेकर 5G और धारा 370 तक की उपलब्धियां गिनाईं
अमित शाह ने राम मंदिर निर्माण को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि कुछ लोग इसके महत्व पर सवाल उठाते हैं, लेकिन इसका प्रभाव सांस्कृतिक और राष्ट्रीय अस्मिता के स्तर पर गहरा है। साथ ही उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने 5G तकनीक और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं को देश के कोने-कोने तक पहुंचाकर आम नागरिक को सशक्त बनाया है।

गृह मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम था, वहीं नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू कर लाखों शरणार्थियों को भारत की नागरिकता प्रदान की गई।

भारत विकास परिषद की सराहना
अपने संबोधन में शाह ने भारत विकास परिषद की छह दशकों से अधिक की सेवा यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्था जो 63 वर्षों से निरंतर समाज सेवा में लगी हो और विवादों से दूर रहकर सकारात्मक भूमिका निभा रही हो, वह अपने आप में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि परिषद सेवा, संगठन, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को लेकर कार्य कर रही है।

नई शिक्षा नीति और तकनीकी प्रगति पर भी बोले शाह
गृह मंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है और देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, स्पेस टेक्नोलॉजी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहा है।

मणिपुर के स्वतंत्रता सेनानी को सम्मानित करने पर परिषद को बधाई
कार्यक्रम के दौरान मणिपुर के स्वतंत्रता सेनानी नीलमणि सिंह को सम्मानित किए जाने पर अमित शाह ने भारत विकास परिषद को बधाई दी। उन्होंने बताया कि नीलमणि सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज़ाद हिंद फौज में शामिल होकर अपना जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया था।

अंत में शाह ने कहा, “भारत विकास परिषद जरूरतमंदों और सेवा भाव रखने वालों के बीच सेतु का कार्य कर रही है, और राष्ट्र निर्माण में इसका योगदान सराहनीय है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here