लखनऊ। अंतरिक्ष में 18 दिन का सफल मिशन पूरा कर भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए। मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे उनका स्पेस कैप्सूल अमेरिका के कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में सुरक्षित उतरा। जैसे ही यह खबर मिली, लखनऊ स्थित उनके परिवार में उत्साह और भावनाओं का ज्वार उमड़ पड़ा।
लैंडिंग का सीधा प्रसारण राजधानी के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) में किया गया, जहां पहले से ही विशेष इंतजाम किए गए थे। शुभांशु के माता-पिता — पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा देवी — टकटकी लगाए लैंडिंग का दृश्य देख रहे थे। जैसे ही यान के सुरक्षित उतरने की पुष्टि हुई, दोनों की आंखें गर्व और भावुकता से भर आईं।
मां बोलीं— “ये हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण”
माता आशा शुक्ला ने कहा, “जब यान उतर रहा था, उस समय थोड़ा डर जरूर था, लेकिन ऊपरवाले की कृपा से सबकुछ ठीक रहा। हमारे लिए यह जीवन का सबसे गर्वमयी क्षण है। वह जहां गया, ईश्वर के आशीर्वाद से ही गया और वहीं से सकुशल वापस भी आया।”
बहन ने साझा की खुशी
शुभांशु की बहन शुचि मिश्रा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “उनकी सुरक्षित वापसी पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। हम बेहद उत्साहित और भावुक हैं।”
भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में यह मिशन एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है। शुभांशु शुक्ला की यह सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।