सांगला तहसील की थैमगारंग पंचायत के रहने वाले 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात नायक पुष्पेंद्र नेगी ने असम में ड्यूटी के दौरान देश के लिए बलिदान दिया। जैसे ही पुष्पेंद्र की शहादत की खबर परिजनों को सेना द्वारा सोमवार देर शाम दी गई, पूरे थैमगारंग गांव सहित किन्नौर जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय पुष्पेंद्र असम में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक आई तेज हवाओं की चपेट में आकर एक पेड़ की टहनियां गिरने से उनकी जान चली गई।
थैमगारंग पंचायत की प्रधान मनोहर देवी और उपप्रधान दीप कुमार ने बताया कि सेना द्वारा पुष्पेंद्र की पार्थिव देह को पहले असम से दिल्ली और फिर चंडीगढ़ लाया जाएगा। इसके बाद सेना के वाहन से उनका शव उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
नायक पुष्पेंद्र अपने पीछे पिता महेंद्र नेगी, माता सरला देवी, पत्नी कीर्ति नेगी और छह वर्षीय पुत्र एतिक को छोड़ गए हैं। जवान की असमय शहादत से परिजनों का बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण और रिश्तेदार ढांढस बंधा रहे हैं।